Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया विभाग की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। दोनों पर पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2026 का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और उससे भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया गया है।
मामले में छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
बीजेपी की शिकायत के मुताबिक, धमतरी जिले के कुरुद में 22 मार्च 2026 को आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के दौरान भाजपा का झंडा फहराया गया था। इसी कार्यक्रम का फोटो और वीडियो कथित तौर पर स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त 2026 का बताकर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो को इस दावे के साथ वायरल किया गया कि कुरुद से बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। कई यूजर्स ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से जोड़कर प्रतिक्रिया दी। बाद में बीजेपी की ओर से दावा किया गया कि वायरल वीडियो 15 अगस्त का नहीं, बल्कि मार्च 2026 में आयोजित पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है।
BJP ने की कार्रवाई की मांग
बीजेपी ने शिकायत में आरोप लगाया कि पुराने वीडियो को गलत संदर्भ के साथ प्रसारित करने से जनता के बीच भ्रम और राजनीतिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पार्टी ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच करने के साथ ही कथित भ्रामक सामग्री को हटाने और संबंधित सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बीजेपी की ओर से इस मामले को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के समक्ष भी उठाए जाने की बात कही गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में सोशल मीडिया के जरिए कथित आपत्तिजनक और विवादित प्रचार-प्रसार को लेकर आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित पोस्ट और बयानों से सामाजिक स्तर पर भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट, उसके मूल स्रोत और पोस्ट के प्रसारण से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
BJP के प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन रहा शामिल?
पुलिस को शिकायत सौंपने वाले बीजेपी प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक, डॉ. किरण बघेल, राजीव चक्रवर्ती, प्रदेश मीडिया सह-संयोजक राहुल राय, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कृतिका जैन, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष राहुल राव और युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी वासु शर्मा शामिल रहे।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। FIR में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
