रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर की तलाश के बीच रायपुर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। गिरफ्तारी की योजना और गोपनीय जानकारी लीक होने के आरोपों के बाद निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।
गिरफ्तारी की योजना लीक होने के आरोप में कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे के आचरण को संदिग्ध माना गया। आरोप है कि फरार शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए पुलिस ने खम्हारडीह इलाके में दबिश देने की योजना बनाई थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय रणनीति और सूचना लीक होने की आशंका को लेकर जांच शुरू की गई। इसी मामले में अब निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित किया गया है।
इससे पहले एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। इंस्पेक्टर पर हुई कार्रवाई के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है।
शोएब ढेबर पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित
25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी के मामले में फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कुल 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये और इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने लोगों से आरोपी के संबंध में जानकारी देने की अपील की है।
क्या है 25 करोड़ रुपये की रंगदारी का मामला?
मामले के अनुसार, 14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोप है कि संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से मामले से संबंधित बताए गए पांच आईफोन भी जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।
बाद में पुलिस ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया था, जिसे मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद से शोएब ढेबर फरार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं, गिरफ्तारी की गोपनीय जानकारी लीक होने के आरोपों की जांच और पुलिसकर्मियों पर हो रही कार्रवाई से यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।
