हैदराबाद। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार, 14 नवंबर को हैदराबाद में तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम की शुरुआत की। इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी मौजूद रहे। इस योजना का उद्देश्य गिग वर्कर्स यानी डिलीवरी राइडर्स और अन्य प्लेटफॉर्म आधारित कामगारों को सामाजिक सुरक्षा और बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत गिग वर्कर्स को 10 लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस और 5 लाख रुपये तक का एक्सीडेंट इंश्योरेंस दिया जाएगा। इससे काम के दौरान दुर्घटना या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी आने पर कामगारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।
राइडर्स के लिए बनेंगे वाई-फाई और पार्किंग वाले रेस्ट जोन
गिग वर्कर्स की सुविधा के लिए तेलंगाना के सभी शहरों में विशेष रेस्ट जोन भी बनाए जाएंगे। इन केंद्रों पर वाई-फाई और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हैदराबाद समेत राज्य के अन्य शहरों में बनने वाले इन रेस्ट जोन का उद्देश्य डिलीवरी और राइडिंग के बीच कामगारों को आराम करने की जगह देना है।
गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा देने की पहल
आज के समय में बड़ी संख्या में लोग डिलीवरी, कैब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े कामों के जरिए अपनी आजीविका चला रहे हैं। ऐसे कामगारों के लिए नियमित सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना एक बड़ी जरूरत बन गई है। तेलंगाना सरकार की इस योजना को इसी दिशा में एक पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
