रायपुर। दीपावली का त्योहार सिर्फ दीप जलाने और खुशियां मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में उम्मीद और मुस्कान लाने का भी अवसर है। इसी मानवीय भावना के साथ क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर अपनी टीम और मित्रों के साथ रायपुर के नकटी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने उन परिवारों के बीच दीपावली मनाई, जिन्होंने भारी बारिश में अपने आशियाने उजड़ने का दर्द झेला था। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद परिवारों, बुजुर्गों और बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें त्योहार की खुशियों में शामिल किया।
वीरेंद्र सिंह तोमर ने इस पहल को एक खास संदेश देते हुए कहा, “एक दीप नकटी गांव के नाम। हम आपको भूले नहीं हैं… हम आज भी आपके साथ हैं।” उन्होंने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं है, बल्कि किसी के जीवन में खुशियां और उम्मीद जगाने का पर्व है। समाज के ऐसे परिवार, जिन्होंने मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया है, उनके बीच पहुंचकर खुशियां बांटना हम सभी की जिम्मेदारी है।
महिलाओं को साड़ी, बच्चों को टी-शर्ट और ग्रामीणों को बांटी मिठाइयां
इस अवसर पर राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना की ओर से महिलाओं को साड़ियां, बच्चों को टी-शर्ट और ग्रामीणों को पटाखे एवं मिठाइयां वितरित की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर अलग ही खुशी देखने को मिली। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी इस पहल पर प्रसन्नता जाहिर की। संगठन के सदस्यों ने ग्रामीण परिवारों के बीच बैठकर दीपावली मनाई और उनके साथ खुशियों के पल साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र सिंह तोमर का व्यवहार और जरूरतमंद परिवारों के प्रति उनका अपनापन भी चर्चा का विषय रहा। लोगों ने उन्हें बेहद मिलनसार, सरल स्वभाव और नेक दिल इंसान बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व लोगों को अपनेपन का एहसास कराता है। किसी के दुख को समझना, जरूरत के समय उसके साथ खड़ा होना और बिना किसी भेदभाव के मदद करना उनके मानवीय स्वभाव को दर्शाता है।
लोगों ने की सराहना, बोले- यही है दीपावली की असली खुशी
वीरेंद्र सिंह तोमर और उनकी टीम की इस पहल की लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद करना बेहद नेक और सराहनीय कार्य है। खासकर उन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के कारण त्योहार की खुशियां खो दी थीं, अपने आप में बड़ी बात है।
लोगों ने कहा कि असली दीपावली तो वीरेंद्र सिंह तोमर ने इन गरीब बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाकर मनाई है। बच्चों को उपहार देकर उनके बचपन में खुशियों के रंग भरना और प्रभावित परिवारों को यह भरोसा दिलाना कि समाज उनके साथ खड़ा है, सराहनीय पहल है। लोगों ने उन्हें सैल्यूट करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें हमेशा इसी तरह जनसेवा करने और जरूरतमंदों की मदद करने की शक्ति मिलती रहे।
सेवा और संवेदना से रोशन हुई नकटी गांव की दीपावली
वीरेंद्र सिंह तोमर की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली सार्थकता दूसरों की खुशियों में शामिल होने से है। नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर करणी सेना ने सिर्फ उपहारों का वितरण नहीं किया, बल्कि उनके साथ अपनापन और सहयोग का रिश्ता भी मजबूत किया।
बच्चों की मुस्कान, महिलाओं की खुशी और ग्रामीणों के चेहरों पर दिखा संतोष इस आयोजन की सबसे खूबसूरत तस्वीर रही। निश्चित रूप से दूसरों के जीवन में खुशियों का एक दीप जलाना ही दीपावली की असली भावना है।
