राम मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर करोड़ों का खेल? SIT जांच में टिन्नू यादव पर नए आरोप

Date:

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की जांच अभी जारी है, इसी बीच एक और कथित घोटाला सामने आने से हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक, मंदिर में VIP दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली का बड़ा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इस मामले में पहले से गिरफ्तार रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू का नाम एक बार फिर सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर हर महीने लाखों रुपये की अवैध कमाई करता था।

सूत्रों के अनुसार, SIT (विशेष जांच दल) की जांच में सामने आया है कि यह कथित खेल राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही शुरू हो गया था। आरोप है कि टिन्नू ने एक संगठित गिरोह बना रखा था, जिसके सदस्य श्रद्धालुओं को जल्दी और सुविधाजनक दर्शन का लालच देकर उनसे पैसे वसूलते थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस पूरे नेटवर्क में मंदिर के कुछ कर्मचारियों के साथ-साथ बाहरी लोग भी शामिल हो सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर में सामान्य श्रद्धालुओं के लिए कतार के माध्यम से दर्शन की व्यवस्था है, जबकि विशिष्ट अतिथियों के लिए VIP पास की सुविधा उपलब्ध है। ट्रस्ट की ओर से जारी किए जाने वाले ये पास पूरी तरह निःशुल्क होते हैं। आरोप है कि इसी व्यवस्था का दुरुपयोग कर श्रद्धालुओं से 500 से 2,000 रुपये या उससे अधिक तक की राशि वसूली जाती थी। आर्थिक रूप से सक्षम श्रद्धालुओं से और अधिक रकम लेने के भी आरोप हैं।

सूत्रों का दावा है कि अयोध्या के कई होटल, होम स्टे और धर्मशालाओं के माध्यम से भी यह नेटवर्क सक्रिय था। यहां ठहरने वाले श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन कराने का भरोसा देकर उनसे पैसे लिए जाते थे। इसके बाद संबंधित लोगों की जानकारी गिरोह तक पहुंचाई जाती और कथित तौर पर उनके लिए VIP पास तैयार कराए जाते थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तौर पर टिन्नू स्वयं पास जारी करने का अधिकृत अधिकारी नहीं था, लेकिन वह कुछ अधिकृत व्यक्तियों की आईडी का दुरुपयोग कर VIP पास तैयार करता था। सूत्रों के अनुसार, इस काम में उसके कई सहयोगी भी शामिल थे, जो श्रद्धालुओं को लाने, संपर्क बनाने और रकम के लेन-देन का काम संभालते थे। इसके बाद कथित तौर पर वसूली गई रकम का आपस में बंटवारा किया जाता था।

इसके अलावा, मंदिर परिसर के VIP प्रवेश मार्ग के पास सक्रिय एक व्यक्ति ‘छोटू’ का नाम भी चर्चा में है। सूत्रों का दावा है कि वह श्रद्धालुओं को तत्काल VIP दर्शन कराने का भरोसा देकर गिरोह से संपर्क कराता था और बदले में धनराशि वसूलता था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

फिलहाल SIT पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस राजनीतिक एजेंडा चला रही है: भाजपा सांसद कंगना रनौत

नई दिल्ली: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने...