लगातार दूसरी बार एक्सपायरी दवा वितरण, मरीजों में आक्रोश और प्रशासन की बढ़ी मुश्किलें

Date:

नवादा: जिले के रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों को एक्सपायरी दवा दिए जाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। लगातार दूसरी बार हुई इस तरह की घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली, दवा भंडारण व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार रजौली क्षेत्र के मसई मुहल्ला निवासी राधा देवी सोमवार को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची थीं। चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें अस्पताल के दवा काउंटर से डाइएथाइलकार्बामाजीन साइट्रेट (Diethylcarbamazine Citrate) सिरप उपलब्ध कराया गया। घर पहुंचने के बाद परिजनों ने जब दवा की एक्सपायरी तिथि की जांच की तो पता चला कि उसकी वैधता अवधि समाप्त हो चुकी है।

दवा एक्सपायर होने की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे और इसकी शिकायत की। आरोप है कि दवा काउंटर पर मौजूद कर्मी ने बताया कि अस्पताल में फिलहाल यही दवा उपलब्ध है और दूसरी दवा का स्टॉक मौजूद नहीं है। शिकायत के बाद एक्सपायरी दवा वापस ले ली गई, लेकिन मरीज को अस्पताल से वैकल्पिक दवा उपलब्ध कराने के बजाय बाजार से दवा खरीदने की सलाह दी गई। इस घटना से मरीज के परिजनों में गहरा आक्रोश है।

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी वर्ष एक जनप्रतिनिधि को अस्पताल से एक्सपायरी दवा दिए जाने का मामला सामने आया था। उस समय भी मामले ने काफी तूल पकड़ा था और व्यवस्था में सुधार के दावे किए गए थे। बावजूद इसके, दोबारा ऐसी घटना सामने आने से अस्पताल प्रशासन के दावों पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में दवाओं के भंडारण, स्टॉक की निगरानी और वितरण प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उनका आरोप है कि यदि समय-समय पर दवाओं की जांच की जाती और एक्सपायरी दवाओं को समय रहते हटाया जाता, तो ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अस्पताल की दवा वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस राजनीतिक एजेंडा चला रही है: भाजपा सांसद कंगना रनौत

नई दिल्ली: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने...