बॉलीवुड अभिनेता Ranveer Singh लंबे समय से चल रहे ‘कांतारा’ विवाद के बाद आखिरकार Chamundeshwari Temple पहुंचे, जहां उन्होंने मां चामुंडेश्वरी के चरणों में सिर झुकाकर विशेष पूजा-अर्चना की और अपनी गलती के लिए क्षमा मांगी। कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए अभिनेता ने बेहद सादगी और श्रद्धा के साथ मंदिर में दर्शन किए, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
रणवीर सिंह बिना किसी वीआईपी तामझाम के आम श्रद्धालु की तरह मंदिर पहुंचे। उन्होंने भक्तों की कतार में खड़े होकर मां के दर्शन किए और गर्भगृह में प्रवेश से पहले मास्क हटाकर हाथ जोड़कर प्रार्थना की। सामने आई तस्वीरों में रणवीर सफेद कुर्ता-पायजामा, काले नेहरू जैकेट, गले में फूलों की माला और माथे पर तिलक लगाए नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अभिनेता ने अपनी मिमिक्री के जरिए ‘दैवा’ के अपमान को लेकर मां के सामने क्षमा मांगी और कुछ देर ध्यान लगाकर पूजा की। एक तस्वीर में वह मंदिर के फर्श पर बैठकर ध्यान करते दिख रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में मंदिर के पुजारी के साथ पूजा की थाली लिए नजर आ रहे हैं।
रणवीर का यह विनम्र और धार्मिक रूप फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग इसे उनकी गलती स्वीकार करने और आस्था के प्रति सम्मान के तौर पर देख रहे हैं। अब माना जा रहा है कि इस पूजा के साथ ‘कांतारा विवाद’ का अध्याय भी लगभग समाप्त हो गया है।
