सड़क हादसे में बाल-बाल बचे दीपक बैज मवेशी से टकराई पायलटिंग गाड़ी सरकार पर साधा निशाना

Date:

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की पायलटिंग गाड़ी सड़क पर मवेशी से टकराने के बाद बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह घटना सरगुजा में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस लौटते समय कटघोरा-बिलासपुर सीमा क्षेत्र के पास हुई। बैज के मुताबिक, चार लेन सड़क पर अचानक सामने आए मवेशी से पायलटिंग गाड़ी टकरा गई। पायलटिंग गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से उनकी गाड़ी भी उससे टकराने से बाल-बाल बची। चालक की सूझबूझ से गाड़ी को समय रहते मोड़ लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद दीपक बैज ने प्रदेश की सड़कों पर मवेशियों के बैठे रहने और सड़क व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जगह-जगह मवेशी सड़कों पर बैठे रहते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनके मुताबिक, खराब सड़कों की वजह से भी वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

मवेशियों को एक जगह रखने में सक्षम नहीं सरकार- बैज

दीपक बैज ने बताया कि सरगुजा में कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे करीब तीन बजे वापस लौट रहे थे। कटघोरा और बिलासपुर की सीमा के आसपास चार लेन सड़क पर कई जगह मवेशी बैठे और खड़े दिखाई दिए। इसी दौरान एक मवेशी पायलटिंग गाड़ी से टकरा गया। पायलटिंग गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे चल रही उनकी गाड़ी भी उससे टकराने की स्थिति में आ गई थी।

उन्होंने कहा कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को मोड़ लिया, जिससे दुर्घटना टल गई। बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सड़कों पर मवेशियों के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है और सरकार उन्हें एक जगह रखने की व्यवस्था करने में सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि गौशाला हो या फोरलेन सड़क, व्यवस्था केवल खानापूर्ति तक सीमित दिखाई देती है।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीया जलाने के मुद्दे पर भी घेरा

दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए देशभर में बड़ी संख्या में दीए जलाए गए। इसी बीच सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आने का दावा किया, जिनमें गरीब बच्चे जलते दीयों से तेल इकट्ठा करते दिखाई दे रहे हैं।

बैज ने कहा कि एक तरफ करोड़ों दीयों में तेल जलाया जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ गरीब बच्चे उसी तेल को बोतलों में इकट्ठा करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने इसे गरीबी और बेबसी से जोड़ते हुए सवाल उठाया कि जब यह कार्यक्रम सरकारी नहीं था, तो सरकारी तंत्र और कर्मचारियों को इसमें क्यों लगाया गया।

उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से डेढ़ करोड़ से अधिक दीए जलाने की बात कही गई है। बैज ने गणना करते हुए कहा कि यदि एक दीये में करीब 10 रुपये का तेल इस्तेमाल हुआ हो, तो कुल खर्च लगभग 15 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

UPI पर 0.4 फीसदी MDR चार्ज को लेकर सरकार से फैसला वापस लेने की मांग

UPI भुगतान पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत MDR चार्ज को लेकर भी दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए लंबे समय से UPI का प्रचार किया गया और लोगों की ऑनलाइन भुगतान की आदत बन चुकी है।

बैज ने दावा किया कि अब UPI के जरिए सालाना करीब 85 हजार करोड़ रुपये वसूलने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका असर छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से UPI पर MDR चार्ज के फैसले को वापस लेने की मांग की।

यूथ कांग्रेस चुनाव में फर्जी मतपत्र के आरोप पर बोले- हमारी भूमिका नहीं

यूथ कांग्रेस के चुनाव में फर्जी मतपत्र के आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि उनके पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस का अपना संगठनात्मक चुनाव होता है और चुनाव के लिए दिल्ली से अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

बैज ने स्पष्ट किया कि इस चुनाव में प्रदेश कांग्रेस की भूमिका नहीं है। यदि किसी तरह की अनियमितता की शिकायत है तो संबंधित लोग अपनी बात चुनाव अधिकारियों के सामने रख सकते हैं।

PSC परीक्षा विवाद पर सरकार को घेरा

PSC परीक्षा को शून्य घोषित किए जाने और जांच के मुद्दे पर भी दीपक बैज ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा शून्य घोषित करना या जांच कराना सरकार का निर्णय है। उन्होंने विभागीय पदोन्नति का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी कर्मचारी की पदोन्नति नियमों के विपरीत हुई है तो सरकार इसकी जांच कर सकती है।

बैज ने आरोप लगाया कि PSC की कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार पहले ही सवालों के घेरे में आ चुकी है। उन्होंने करोड़ों रुपये के लेनदेन और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि इंटरव्यू स्थगित किए जाने के फैसले से भी कई सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी कथित नाकामियों को छिपाने के लिए अब पुराने मामलों को सामने ला रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार जांच करना चाहती है तो कांग्रेस को इससे कोई आपत्ति नहीं है।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

कांग्रेस के CM फेस पर अजय चंद्राकर का तंज बोले- ‘सपना देखने में क्या बुराई है शुक्ला ने किया पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों...

असम में गौरव गोगोई-भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव कांग्रेस ने BJP पर लगाया आरोप

असम। नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान सोमवार...