रायपुर। रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भाजपा पर लगाए गए आरोपों के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता नरेश चंद्र गुप्ता ने भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि “मुंगेरीलाल के सपने देखना छोड़ दें भूपेश बघेल, सत्ता अब नहीं आएगी।”
नरेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भय के कारण मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने विष्णुदेव साय सरकार को कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार बताते हुए कहा कि भाजपा किसी भी धमकी से डरने वाली नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “भ्रष्टाचार सिंडिकेट के मुखिया हमें धमकाएं नहीं। हम डरने वाले नहीं हैं। सांच को आंच नहीं।” भाजपा नेता ने भूपेश बघेल से अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिना आधार के बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों के साथ बात रखनी चाहिए।
गुप्ता ने कांग्रेस की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश के नागरिकों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया। उन्होंने पत्रकारों पर कथित रूप से झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने का भी आरोप लगाया और कहा कि यदि भूपेश बघेल में हिम्मत है तो वे तत्कालीन सरकार के समय पीड़ित पत्रकारों के सवालों का जवाब दें।
कई कथित घोटालों का उठाया मुद्दा
भाजपा नेता ने कहा कि शराब घोटाला, DMF घोटाला, महादेव सट्टा ऐप, राशन घोटाला, कस्टम मिलिंग, पीएसी भर्ती, कोल ट्रांसपोर्टेशन, CPR ऑफिस और बुलेट प्रूफ जैकेट खरीदी समेत विभिन्न मामलों में जनता और जांच एजेंसियां जवाब मांग रही हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों में तत्कालीन सरकार से जुड़े लोगों को भी जवाब देना होगा।
ईडी कार्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन
दरअसल, रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित ईडी कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और अब ईडी ने भी उन्हें गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल अकेले नहीं हैं और पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
बघेल ने ईडी पर दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में चोरी, डकैती और लूट हो रही है, लेकिन ईडी की ओर से इन मामलों में कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस को पता है कि रायपुर के एक होटल में बैठकर कौन वसूली कर रहा है और कौन लूट मचा रहा है। उन्होंने कहा कि समय आने पर सभी का हिसाब होगा।
गिरफ्तारी को लेकर आमने-सामने भाजपा-कांग्रेस
रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया मुद्दा बन गई है। कांग्रेस जहां इसे लेकर भाजपा और ईडी पर सवाल उठा रही है, वहीं भाजपा कांग्रेस के पिछले शासनकाल से जुड़े कथित घोटालों का मुद्दा उठाकर पलटवार कर रही है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के चलते प्रदेश की सियासत और गरमा गई है।
