रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष (PCC Chief) दीपक बैज का कार्यकाल 12 जुलाई को समाप्त होने जा रहा है।
ऐसे में कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग भी सामने आने लगी है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है,
जिसमें टीएस सिंहदेव को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की अपील की गई है। यह पोस्ट ‘आदिबाबा फैंस क्लब सरगुजा’ नामक फेसबुक पेज से साझा किया गया है।
हालांकि, कांग्रेस संगठन की ओर से अब तक नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
वायरल पोस्ट में लिखा गया है, “जिसने हर परिस्थिति में संगठन का साथ निभाया,
अब समय है उनके अनुभव को नई जिम्मेदारी देने का। टीएस बाबा के नेतृत्व में मजबूत कांग्रेस।” इस पोस्ट के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में नए PCC चीफ को लेकर अटकलों का दौर और तेज हो गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद को लेकर कई नामों की चर्चा समय-समय पर होती रही है, लेकिन अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान को ही लेना है। ऐसे में अब सभी की नजरें पार्टी नेतृत्व पर टिकी हैं कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस की कमान किस नेता को सौंपी जाती है।
फिलहाल, टीएस सिंहदेव के समर्थन में सोशल मीडिया पर चल रहे अभियान ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है,
लेकिन इसे लेकर कांग्रेस की ओर से किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
