रायपुर। राजधानी रायपुर में महापौर मीनल चौबे से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एंकर सोमा देवांगन को हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने उद्योग भवन के सामने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा, जिसके बाद पूछताछ के लिए सिविल लाइन थाना ले जाया गया। बताया जा रहा है कि महापौर को बदनाम कर के पैसा वसूली के चक्कर में लगी थी सोमा देवांगन। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि किसी भी ने भी पैसा वसूली के लेकर अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
यह मामला सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, वीडियो में रायपुर महापौर मीनल चौबे को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी, जिसके बाद वीडियो और उससे जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू की गई।
फेसबुक पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोमा देवांगन ने फेसबुक समेत एक पोर्टल और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए संबंधित वीडियो को प्रसारित किया। शिकायत के मुताबिक, वीडियो में एक युवक द्वारा महापौर मीनल चौबे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो में महिलाओं को लेकर भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और आपत्तिजनक हिस्सों को हटाए बिना वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। इसी आधार पर वीडियो के निर्माण और प्रसारण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की मांग की गई थी।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
मामले में पुलिस से वीडियो के मूल स्रोत का पता लगाने और इसे तैयार करने तथा सोशल मीडिया पर अपलोड एवं प्रसारित करने वाले लोगों की भूमिका की जांच करने का आग्रह किया गया था। इसके लिए वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की मांग की गई।
शिकायत में कहा गया कि किसी महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ कथित अभद्र भाषा का सार्वजनिक रूप से प्रसारण उनकी गरिमा और प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकता है। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों को जांच के दायरे में लिया है।
उद्योग भवन के सामने पुलिस ने की कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उद्योग भवन के सामने घेराबंदी कर एंकर सोमा देवांगन को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें सिविल लाइन थाना ले जाया गया, जहां मामले को लेकर पूछताछ जारी है।
पुलिस अब वीडियो के मूल स्रोत, उसे सोशल मीडिया पर अपलोड और प्रसारित करने वाले लोगों तथा पूरे घटनाक्रम में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी आगे कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और सोमा देवांगन से पूछताछ के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
