जगदलपुर। अर्नब तूफान के बाद हुई लगातार बारिश और इंद्रावती नदी में आई बाढ़ ने बकावंड और जगदलपुर ब्लॉक के नदी किनारे बसे गांवों के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी धान की फसल बाढ़ के पानी में डूबकर बर्बाद हो गई, वहीं कई खेतों में मिट्टी और कीचड़ भर गया है। फसल बर्बाद होने के बाद किसानों के सामने अब मुआवजे का संकट खड़ा हो गया है।
इसी समस्या को लेकर नदी किनारे बसे कई गांवों के किसान, सरपंच और जनपद सदस्य बस्तर सांसद महेश कश्यप से मिलने पहुंचे। किसानों ने अपनी स्थिति बताते हुए मांग की कि फसल नुकसान का मुआवजा सामान्य सरकारी राहत राशि के आधार पर नहीं, बल्कि वास्तविक उत्पादन और लागत को ध्यान में रखते हुए दिया जाए।
21 क्विंटल धान और 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से मुआवजे की मांग
किसानों ने मांग रखी कि उन्हें 21 क्विंटल धान प्रति एकड़ और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से फसल नुकसान का भुगतान किया जाए। किसानों का कहना है कि खेती में जुताई, खाद, बीज, दवा और मजदूरी पर पहले ही बड़ी रकम खर्च हो चुकी थी। फसल पककर घर पहुंचने वाली थी, लेकिन बाढ़ ने उनकी पूरी मेहनत और उम्मीद दोनों खत्म कर दी।
किसानों का कहना है कि मौजूदा राहत राशि उनके वास्तविक नुकसान की तुलना में बेहद कम है। ऐसे में उन्हें ऐसा मुआवजा दिया जाना चाहिए, जिससे खेती में हुए खर्च के साथ-साथ कर्ज की भरपाई भी हो सके।
19 एकड़ फसल हुई प्रभावित
नगरनार के किसान घनश्याम सेठिया ने बताया कि उनके पास करीब 26 एकड़ जमीन है, जिसमें से लगभग 19 एकड़ में लगी फसल बाढ़ से प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रति हेक्टेयर महज 8 हजार रुपये जैसी राहत राशि किसानों के वास्तविक नुकसान के मुकाबले पर्याप्त नहीं है।
किसानों के मुताबिक बाढ़ का असर केवल धान की फसल तक सीमित नहीं है। कई खेतों में पानी उतरने के बाद मिट्टी और कीचड़ की मोटी परत जमा हो गई है, जिससे आने वाली फसल की तैयारी भी प्रभावित हो सकती है।
फसल के साथ पशुओं के चारे का भी नुकसान
जनपद सदस्य अर्जुन सेठिया ने कहा कि तूफान, लगातार बारिश और खातीगुड़ा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ी है। बाढ़ के कारण खेतों में खड़ी फसल तो बर्बाद हुई ही, साथ ही पशुओं के लिए रखा घास और पैरा भी पानी में बह गया या खराब हो गया।
किसानों ने कहा कि यदि समय रहते पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला तो उनके सामने आर्थिक संकट और गहरा सकता है। उन्होंने अपनी मांग मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, कलेक्टर और प्रधानमंत्री तक पहुंचाने की बात कही है।
मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे सांसद
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि अर्नब तूफान के बाद लगातार तीन दिन हुई बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नदी किनारे के इलाकों में हजारों एकड़ फसल बर्बाद हुई है।
उन्होंने कहा कि किसानों की मांग है कि उन्हें 21 क्विंटल धान खरीदी के आधार पर मुआवजा दिया जाए, ताकि वे कर्ज चुका सकें और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। सांसद ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे इस मामले को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे और प्रधानमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने की मांग भी करेंगे।
बाढ़ से फसल गंवा चुके किसानों की मांग अब यही है कि नुकसान का वास्तविक आकलन कर उन्हें जल्द और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए, ताकि वे आर्थिक संकट से उबरकर अगली फसल की तैयारी कर सकें।
