उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन हुई 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और तनाव का माहौल है। आरोप है कि असद नामक युवक ने सूर्या को “कुर्बानी दिखाने” के बहाने बुलाया और फिर बीच सड़क पर चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
मृतक की पहचान नवनीत विहार, खोड़ा निवासी सूर्या चौहान (17 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, घटना 28 मई की शाम करीब 3:30 बजे हुई। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
“कुर्बानी दिखाने” के बहाने बुलाया गया था – दोस्त आयुष का दावा

सूर्या के दोस्त और घटना के चश्मदीद आयुष ने बताया कि ईद वाले दिन असद ने उन्हें फोन कर बुलाया था। आयुष के अनुसार, असद ने कहा था कि “आओ, साथ में ईद मनाएंगे।” जब उन्होंने कहा कि वे मीट नहीं खाते, तो कथित तौर पर असद ने जवाब दिया कि “आओ तुम्हें कुर्बानी दिखाते हैं।”
आयुष का कहना है कि वह और सूर्या असद के साथ जा रहे थे। रास्ते में 5-6 अन्य लड़के भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान अचानक माहौल बदल गया और कथित तौर पर असद ने चाकू निकालकर सूर्या के पेट में हमला कर दिया। आयुष ने दावा किया कि घटना इतनी अचानक हुई कि वह घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गया।
भीड़ जुटने पर वापस लौटा, खून से लथपथ मिला सूर्या
आयुष के मुताबिक, जब इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई, तब वह वापस मौके पर पहुंचा। वहां उसने सूर्या को गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
इसी इलाके में किराए पर रहने वाले एक अन्य युवक उदित ने भी बताया कि चाकू लगने के बाद सूर्या कुछ दूर तक भागते हुए आया और फिर एक चौराहे पर गिर पड़ा। इसके बाद आसपास मौजूद दुकानदारों और लोगों की भीड़ जमा हुई और उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
सूर्या के घर के पास दुकान पर काम करता था आरोपी
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी असद सूर्या के घर के पास स्थित एक दुकान पर काम करता था। बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता के साथ खोड़ा इलाके में रहता था और कुछ महीने पहले ही परिवार यहां रहने आया था। हालांकि, आरोपी के पड़ोसियों ने कैमरे पर कुछ भी बोलने से इनकार किया है।
परिवार में गुस्सा, मां ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद सूर्या के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी मां ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एनकाउंटर की बात कही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
