देशभर में 2024 में दर्ज अपराधों की संख्या में 6 फीसदी की गिरावट आई है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) के मुताबिक, 2023 में 62.41 लाख मामलों के मुकाबले 2024 में 58.85 लाख केस दर्ज हुए। यह जानकारी बुधवार को जारी रिपोर्ट में दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, क्राइम रेट यानी प्रति एक लाख आबादी पर दर्ज मामलों की संख्या भी कम हुई है। यह 2023 में 448.3 से घटकर 2024 में 418.9 रह गई। इससे साफ है कि कुल मामलों के साथ अपराध दर में भी गिरावट आई है।
हत्या के कुल 27,049 मामले
2024 में हत्या के कुल 27,049 मामले दर्ज हुए। यह 2023 के मुकाबले 2.4% कम है। रिपोर्ट के मुताबिक, हत्या के मामलों में सबसे बड़ा कारण आपसी विवाद रहा। इसके बाद बदला या दुश्मनी और लालच जैसी वजहें सामने आईं।
महिलाओं के खिलाफ अपराध में 1.5% की गिरावट
महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी 1.5% की गिरावट दर्ज की गई। महिलाओं के खिलाफ अपराध का रेट 2023 में 66.2 से घटकर 2024 में 64.6 हो गया। 2024 में ऐसे 4.41 लाख केस दर्ज हुए, जबकि 2023 में यह संख्या 4.48 लाख थी।
अनुसूचित जाति (SC) के खिलाफ अपराधों में भी 3.6% की कमी आई। 2024 में 55,698 केस दर्ज हुए, जबकि 2023 में यह संख्या 57,789 थी।
अनुसूचित जनजाति (ST) के खिलाफ अपराधों में 23.1% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 2024 में ऐसे 9,966 मामले सामने आए, जबकि 2023 में 12,960 केस दर्ज हुए थे।
‘हर्ट’ यानी चोट से जुड़े मामलों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। ये केस 2023 में 6.36 लाख से घटकर 2024 में 4.41 लाख रह गए, यानी 30.58% की कमी आई।


