रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया कि पिछले 24 दिनों में आए तीन चक्रवाती तूफानों के कारण प्रदेश के करीब 80 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की फसल बर्बाद होने के बावजूद सरकार ने अब तक नुकसान का सर्वे नहीं कराया है।
दीपक बैज ने मांग की कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों का कर्ज माफ किया जाए और फसल नुकसान के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन महामंत्री मलकीत सिंह और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे।
तीन तूफानों से फसलों को भारी नुकसान का दावा
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ काटकर रखी गई धान की फसल भी बारिश से खराब हुई है। धान खरीदी केंद्रों में भी खुले में रखे धान के भीगने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने बस्तर में बाढ़ जैसे हालात बनने और लाखों हेक्टेयर में फसल प्रभावित होने का दावा भी किया।
बैज के मुताबिक, किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी मेहनत और लागत दोनों पर संकट खड़ा कर दिया है। ऐसे में सरकार को किसानों को तत्काल राहत देनी चाहिए।
पटवारी हड़ताल पर, नुकसान का सर्वे कौन करेगा?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने फसल नुकसान के सर्वे को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तीन चक्रवाती तूफानों के बाद भी नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। पटवारी हड़ताल पर हैं, ऐसे में यह सवाल है कि खेतों में हुए नुकसान का सर्वे कौन करेगा।
बैज ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को मुआवजा देने के मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने के साथ ही नुकसान का वास्तविक आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।
धान खरीदी व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
दीपक बैज ने धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि बारिश के कारण खरीदी केंद्रों में धान भीग रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा किसानों से धान खरीदने को लेकर स्पष्ट नहीं है। बैज ने मांग की कि खरीदी केंद्रों में धान को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल उचित व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को दोहरी परेशानी का सामना न करना पड़े।
छत्तीसगढ़ की अस्मिता के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ की बोली, भाषा, संस्कृति और आस्था के कथित अपमान से जुड़े मामले को भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसी को भी प्रदेश की अस्मिता और यहां के लोगों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
बैज ने दावा किया कि इस मामले में एक दर्जन से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि शिकायतों के बावजूद सरकार की ओर से कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।
दरअसल, मधुबाला गिरी का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हुआ है। वीडियो में छत्तीसगढ़ के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाने और कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने को लेकर विरोध और शिकायतें की जा रही हैं। दीपक बैज ने सरकार से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
