लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को अंतरिम जमानत मिलने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आजम खान की रिहाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें याद रखना चाहिए कि वह अभी जमानत पर बाहर हैं। उत्तर प्रदेश में दंगा और गुंडागर्दी का माहौल नहीं बनने दिया जाएगा। अपराधियों को खुलेआम घूमने की इजाजत नहीं होगी और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
19 नवंबर को पत्रकारों से बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अदालत ने आजम खान को अंतरिम जमानत दी है और सरकार को अदालत के फैसले पर कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि जमानत मिलने का मतलब यह नहीं है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट मिल जाएगी।
सपा के स्वागत पर भी उठाए सवाल
केशव मौर्य ने आजम खान की रिहाई के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं की प्रतिक्रिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि आजम खान का स्वागत इस तरह क्यों किया जा रहा है, जैसे वह देश के लिए कोई पदक जीतकर लौटे हों। मौर्य ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों और बाबा साहेब के अपमान से जुड़े मामलों में घिरे लोगों का महिमामंडन करके समाजवादी पार्टी क्या संदेश देना चाहती है? उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से भी इस पर जवाब मांगा।
सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत को राहत बरकरार
दरअसल, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को अंतरिम जमानत दी थी। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। 19 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने ED की याचिका खारिज करते हुए अंतरिम जमानत के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
यह मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच से संबंधित है। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट की अंतरिम जमानत के दौरान की गई शुरुआती टिप्पणियों का मामले के अंतिम फैसले पर प्रभाव नहीं पड़ेगा।
रिहाई को आजम खान ने बताया संविधान और न्याय में विश्वास रखने वालों की जीत
बुधवार को गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आने के बाद आजम खान रामपुर स्थित अपने आवास पहुंचे थे। उन्होंने अपनी रिहाई को संविधान, न्याय और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए खुशी का दिन बताया था। आजम खान ने अदालत के प्रति आभार भी जताया।
आजम खान की रिहाई के बाद जहां सपा नेताओं ने इसे न्याय की जीत बताया, वहीं भाजपा नेताओं की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। केशव प्रसाद मौर्य के ताजा बयान से उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
