रायपुर।
राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने करवा चौथ पर्व पर सभी सनातनियों को बधाई दी है. विशेपकर उन्होंने सुहागिन माताओं बहनों को अपनी शुभकामनायें प्रेषित की है.
क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का भी दायित्व सँभालने वाले वीरेंद्र सिंह तोमर करवा चौथ के बहाने सभी सनातनी पर्व की महत्ता का भी उल्लेख किया है. उन्होंने नर ही नारायण है के भाव का वर्णन किया है. सनातनी मानते हैं कि आत्मा ही ईश्वर है, मानव ही भगवान है.
इसे स्पष्ट करते हुए वह कहते हैं कि नवरात्रि के समय बच्चियों को माता मानते हुए पूजा जाता है. इसी तरह करवा चौथ में अपने अपने सुहाग की लँबी आयु के लिए महिलाओं द्वारा पुरूषों की पूजा होती है. तोमर ने अपनी तरफ से पुरूषों से भी महिलाओं के मान सम्मान का हरहाल में ध्यान रखे जाने की बात कही है.
क्या है कथा :
एक साहूकार के सात लड़के और एक लड़की थी. सेठानी के सहित उसकी बहुओं और बेटी ने करवा चौथ का व्रत रखा था. रात्रि को साहूकार के लड़के भोजन करने लगे तो उन्होंने अपनी बहन से भोजन के लिए कहा.
इस पर बहन ने बताया कि उसका आज उसका व्रत है और वह खाना चंद्रमा को अर्घ्य देकर ही खा सकती है. सबसे छोटे भाई को अपनी बहन की हालत देखी नहीं जाती और वह दूर पेड़ पर एक दीपक जलाकर चलनी की ओट में रख देता है, जो ऐसा प्रतीत होता है जैसे चतुर्थी का चांद हो.
उसे देख कर करवा उसे अर्घ्य देकर खाना खाने बैठ जाती है. जैसे ही वह पहला टुकड़ा मुंह में डालती है उसे छींक आ जाती है. दूसरा टुकड़ा डालती है तो उसमें बाल निकल आता है और तीसरा टुकड़ा मुंह में डालती है तभी उसके पति की मृत्यु का समाचार उसे मिलता है. वह बेहद दुखी हो जाती है.
उसकी भाभी सच्चाई बताती है कि उसके साथ ऐसा क्यों हुआ. व्रत गलत तरीके से टूटने के कारण देवता उससे नाराज हो गए हैं. इस पर करवा निश्चय करती है कि वह अपने पति का अंतिम संस्कार नहीं करेगी और अपने सतीत्व से उन्हें पुनर्जीवन दिलाकर रहेगी.
वह पूरे एक साल तक अपने पति के शव के पास बैठी रहती है. उसकी देखभाल करती है. उसके ऊपर उगने वाली सूईनुमा घास को वह एकत्रित करती जाती है. एक साल बाद फिर चौथ का दिन आता है, तो वह व्रत रखती है.
शाम को सुहागिनों से अनुरोध करती है कि ‘यम सूई ले लो, पिय सूई दे दो, मुझे भी अपनी जैसी सुहागिन बना दो’ लेकिन हर कोई मना कर देती है. आखिर में एक सुहागिन उसकी बात मान लेती है. इस तरह से उसका व्रत पूरा होता है और उसके सुहाग को नये जीवन का आर्शिवाद मिलता है. इसी कथा को कुछ अलग तरह से सभी व्रत करने वाली महिलाएं पढ़ती और सुनती हैं.
