रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को रायपुर में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे चौहान ने प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह कर दिया था।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास के काम तेजी से हो रहे हैं और छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
गरीबों के लिए 3.65 लाख से अधिक मकानों की मंजूरी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भरपूर समर्थन दिया है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में गरीबों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। इन मकानों की स्वीकृति से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे जाने की बात भी उन्होंने कही।
छत्तीसगढ़ में रोज बन रहे करीब 1600 मकान
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1600 मकान पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत और ग्रामीण विकास से जुड़े अभियानों में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने खेत से सड़क योजना का भी जिक्र किया और बताया कि इसके तहत 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण इलाकों में सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
वंदे मातरम् विवाद पर कांग्रेस को घेरा
कर्नाटक में ‘वंदे मातरम्’ के दो पद गाए जाने के मुद्दे पर भी शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। उन्होंने कहा कि संसद में विधेयक पारित कर ‘वंदे मातरम्’ को लेकर कानून बनाया गया है, ऐसे में कर्नाटक सरकार का फैसला उचित नहीं है।
शिवराज ने इसे भारत माता के अपमान से जोड़ते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हम तो डूबे हैं सनम, तुमको भी ले डूबेंगे।” उन्होंने कांग्रेस के इस कदम को राष्ट्रविरोधी कदम जैसा बताया।
BRICS सम्मेलन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देश एक मंच पर एकत्रित हो रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा और विकास पर सवाल उठाती है, जबकि भारत की वैश्विक भूमिका लगातार मजबूत हो रही है।
PM मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा का किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
शिवराज सिंह चौहान ने नरेंद्र मोदी की तुलना स्वामी विवेकानंद से करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के भविष्य को लेकर जो विचार व्यक्त किए थे, उन्हीं विचारों को नरेंद्र मोदी आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
