नई दिल्ली:
डिजिटल इंडिया की दिशा में भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब इंटरनेट कनेक्टिविटी न होने, खराब नेटवर्क वाले इलाकों, उड़ान के दौरान (In-flight) या अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों पर भी UPI पेमेंट रुकने की चिंता खत्म होने वाली है। NPCI एक नई NFC-बेस्ड (Near-Field Communication) तकनीक पर काम कर रहा है, जिससे ग्राहक बिना इंटरनेट के भी आसानी से भुगतान कर सकेंगे।
कैसे काम करेगी यह नई तकनीक?
- टैप-टू-पे (Tap-to-Pay) सुविधा: यूज़र्स को केवल अपने NFC-सपोर्टेड स्मार्टफोन को मर्चेंट की POS (Point of Sale) मशीन पर ‘टैप’ करना होगा।
- ₹2,000 तक का भुगतान: इस सुविधा के तहत यूज़र्स बिना इंटरनेट और बिना UPI PIN दर्ज किए ₹2,000 तक का तुरंत भुगतान कर सकेंगे।
- UPI Lite वॉलेट से जुड़ेगा सिस्टम: यह ऑफलाइन भुगतान सुविधा यूज़र्स के UPI Lite वॉलेट के ज़रिए काम करेगी। यूज़र्स पहले से अपने वॉलेट में पैसे लोड कर रखेंगे, जो नेटवर्क न होने पर भी इस्तेमाल हो सकेंगे।
- नेटवर्क आने पर सिंक होगा डेटा: ट्रांजैक्शन की जानकारी ऑफलाइन मोड़ में सुरक्षित दर्ज हो जाएगी और जैसे ही टर्मिनल या फोन इंटरनेट से जुड़ेगा, डेटा सर्वर पर अपडेट हो जाएगा।
कहां मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
अक्सर फ्लाइट यात्रा के दौरान, अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर में या कमजोर नेटवर्क वाले दूर-दराज इलाकों में इंटरनेट सिग्नल न होने के कारण UPI भुगतान फेल हो जाता था। इस नई Tap-to-Pay सुविधा के लागू होने से ऐसे स्थानों पर भी संपर्क रहित (Contactless) पेमेंट चुटकियों में संभव हो सकेगा।
मुख्य स्रोत: India.Com – Hindi
